बिहार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दूसरे चरण का मतदान जारी

पटना, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में दूसरे चरण के लोकसभा चुनाव में पांच सीटों के लिए गुरुवार सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रारंभ मतदान जारी है।

बिहार के किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, बांका और भागलपुर संसदीय क्षेत्रों में मतदान के दौरान 85.91 लाख से ज्यादा मतदाताओं के लिए 8,644 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।

इन क्षेत्रों से कुल 68 प्रत्याशी चुनावी मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं जिसमें कांग्रेस के तारिक अनवर, उदय सिंह, राजद के जयप्रकाश नारायण यादव, पूर्व सांसद पुतुल कुमारी, जद (यू) के संतोष कुशवाहा, महमूद असरफ जैसे दिग्गज शामिल हैं।

इस चरण के चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सभी मतदान केन्द्रों पर अर्धसैनिक सैनिक बलों और बिहार सैन्य बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर बांका के कटोरिया और बेलहर विधानसभा क्षेत्र में चार बजे तक वोट डाले जाएंगे जबकि अन्य क्षेत्रों में शाम छह बजे तक मतदाता मतदान कर सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि बिहार के 40 लोकसभा सीटों के लिए सभी सात चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में 11 अप्रैल को चार लोकसभा क्षेत्रों में मतदान संपन्न हो चुका है।

बिहार में महागठबंधन और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीधा मुकाबला माना जा रहा है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में मुकाबला त्रिकोणीय भी देखने को मिल रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493