बिहार में कानून का राज : नीतीश

पटना, 14 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी समीक्षा यात्रा के दौरान गुरुवार को सीतामढ़ी जिले के बखरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में न्याय के साथ विकास हो रहा है। भ्रष्टाचार पर किसी प्रकार की कोताही न बरतने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि कानून के राज में कानून का पालन होगा।

मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी की चंपारण यात्रा की चर्चा करते हुए कहा, “हमलोग चंपारण शताब्दी वर्ष मना रहे हैं, जिसके तहत सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाया गया है।”

उन्होंने कहा, “बापू कहा करते थे कि यह धरती जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है, लेकिन लालच को नहीं। लालच का भाव बहुत खतरनाक होता है।”

इस क्रम में मुख्यमंत्री ने बिहार में बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी कुररीतियों को समाप्त करने के लिए लोगों से आगे आने की अपील करते हुए कहा कि बिहार में शराबबंदी से लोगों के जीवनस्तर में काफी सुधार हुआ है। अब दहेजप्रथा और बाल विवाह जैसी कुरीतियों को समाप्त करना है।

इससे पूर्व, विकास कार्यो की समीक्षा यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने डुमरा प्रखंड के बखरी ग्राम का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान सरकार के सात निश्चय के कार्यक्रमों की प्रगति को उन्होंने देखा और ग्रामवासियों से इस संबंध में बातचीत की।

इस क्रम में मुख्यमंत्री ने पक्की गली, नाली योजना के तहत निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर बखरी में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने 439 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन रिमोट के माध्यम से किया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की यह यात्रा मंगलवार को पश्चिमी चंपारण जिले से शुरू हुई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493