बिहार में नक्सलियों ने ट्रैक्टर व जेसीबी मशीन फूंके

जहानाबाद, 25 मई (आईएएनएस)। बिहार में जहानाबाद जिले के वाणावर (बराबर) थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात प्रतिबंधित नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के नक्सलियों ने एक निजी निर्माण कंपनी के आधार शिविर (बेस कैंप) पर हमला कर जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

वाणावर के थाना प्रभारी सुभाष चंद्र प्रसाद ने बुधवार को कहा कि मंगलवार रात छह से आठ की संख्या में आए नक्सलियों ने नहर निर्माण कार्य में लगी निजी कंपनी वंशीधर कंस्ट्रक्शन के कन्हैया बिगहा स्थित बेस कैंप पर धावा बोलकर एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर में आग लगा दी तथा कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।

इस दौरान, नक्सलियों ने वहां मौजूद कर्मचारियों और मजदूरों के हाथ-पैर बांध दिए।

पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि लेवी (जबरन वसूली) के रुपये नहीं देने के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है।

कंपनी के प्रबंधक के बयान के आधार पर वाणावर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493