बिहार में पंचायत चुनाव के सातवें चरण का मतदान जारी

पटना, 18 मई (आईएएनएस)। बिहार में पंचायत चुनाव के लिए बुधवार को सातवें चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। मतदान को लेकर सभी मतदान केन्द्रों में सशस्त्र सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

मतदान केंद्रों पर गर्मी के बावजूद मतदाताओं की लंबी कतार देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में महिला मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केन्द्रों पर पहुंच रही हैं।

बिहार राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, सातवें चरण के पंचायत चुनाव में राज्य के 36 जिलों के 57 प्रखंडों में 12,237 मतदान केंद्र बनाए गए, जिनमें 58.93 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

बिहार पंचायत निर्वाचन 2016 के सातवें चरण के चुनाव में जिला परिषद सदस्य के 121, पंचायत समिति सदस्य के 1188, ग्राम पंचायत मुखिया व ग्राम कचहरी सरपंच के 854, ग्राम पंचायत सदस्य के 11,812 एवं ग्राम कचहरी पंच के 11,812 पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है।

इस चुनाव के तहत मतदाता तीन स्तरीय ग्रामीण प्रशासन संरचना के प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।

शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से मतदान संपन्न कराए जाने के लिए सभी मतदान भवनों पर सशस्त्र बल की तैनाती की गई है तथा गश्ती दल टीम का गठन किया गया है।

पंचायत प्रणाली के जरिये जिला, ब्लॉक (प्रखंड) और ग्राम स्तर पर प्रतिनिधियों का चुनाव होता है।

राज्य में 10 चरणों में होने वाला यह चुनाव 30 मई को संपन्न होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493