पटना, 20 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार सुबह धूप निकली, लेकिन पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में बिहार के न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई है, जिससे ठंड बढ़ेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, पटना का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है।
राज्य के अन्य शहरों में भागलपुर का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 19 डिग्री, पूर्णिया का 15.4 डिग्री और गया का 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना का गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री, गया का 30.4 डिग्री, पूर्णिया का 30.1 डिग्री तथा भागलपुर का 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath