बिहार में बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद

पटना, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के नवादा जिले के कौआकोल जंगल से पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए। इस दौरान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के एक स्वयंभू कमांडर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।

पुलिस के अनुसार, एसटीएफ ने मंगलवार देर रात खोजी अभियान चलाया। अभियान के दौरान कौआकोल के जंगल के एक स्थान से पुलिस ने बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए।

पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) सुशील खोपड़े ने बुधवार को बताया कि छापेमारी के दौरान एक इंसास रायफल, एक कर्बाइन, दो ग्रेनेड, 140 गोलियां सहित वॉकी-टॉकी तथा पुलिस की वर्दी बरामद की गई। तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि ऐसी आशंका है कि नक्सली इस स्थान का इस्तेमाल प्रशिक्षण शिविर के रूप में किया करते थे।

इधर, पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार नक्सलियों में स्वयंभू एरिया कमांडर लखन यादव और एक महिला नक्सली शामिल हैं, जिनकी तलाश पुलिस को कई घटनाओं के संबंध में थी।

इधर, मुंगेर जिला के भीमबांध जंगल से मंगलवार को पुलिस ने सड़क के अंदर लगाए गए 60 बारूदी सुरंग बरामद किए। वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र से पुलिस ने मंगलवार को ही तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया, जिनसे दो पिस्तौल, एक देसी रायफल तथा 15 गोलियां बरामद की गई थी।

छत्तीसगढ़ में पुलिस पर हुए नक्सली हमले के बाद बिहार में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493