नई दिल्ली, 4 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार जरूरी है, ताकि इसे इसका एहसास हो सके कि देश में ‘नफरत की राजनीति’ नहीं चलेगी।
केजरीवाल ने कहा, “यह जरूरी है कि भाजपा बिहार में चुनाव हारे, ताकि उसे मालूम हो कि इस देश में नफरत की राजनीति नहीं चलेगी।”
एक अन्य ट्वीट में केजरीवाल ने बिहार वासियों से राज्य के मुख्यमंत्री और जनता दल (युनाइटेड) के प्रमुख नीतीश कुमार के पक्ष में वोट देने की अपील की।
साथ ही उन्होंने यह भी लिखा, “लोग प्यार व शांति चाहते हैं, न कि नफरत।”
केजरीवाल के ट्वीट के जवाब में नीतीश ने भी तुरंत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने केजरीवाल को धन्यवाद देते हुए लिखा, “आपके निरंतर सहयोग व शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद अरविंद जी।”
केजरीवाल ने ट्विटर के जरिये यहां रह रहे लोगों से भी अपील की कि वे बिहार में अपने संबंधियों एवं मित्रों को फोन कर उन्हें नीतीश के समर्थन में मतदान करने के लिए कहें।
नीतीश और केजरीवाल ने भाजपा के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित की है।
बिहार विधानसभा के अंतिम चरण के तहत पांच नवंबर को वोट डाले जाएंगे। मतगणना आठ नवंबर को होगी।
dharmpath.com dharmpath