बिहार में भाजपा ने नीतीश, लालू का पुतला फूंका

पटना, 18 मई (आईएएनएस)। पटना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय पर बुधवार को कथित तौर पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हमले के विरोध में गुरुवार को भाजपा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद का पुतला फूंका।

भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित प्रदेश कार्यालय से आक्रोश मार्च निकाला, जिसमें बड़ी संख्या में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कार्यकर्ता शामिल हुए। यह मार्च डाक बंगला चौराहा पहुंचा, जहां नीतीश और लालू का पुतला फूंका गया।

इस दौरान कार्यकर्ता ‘नीतीश-लालू मुर्दाबाद’, ‘जंगलराज नहीं चलेगा’ और ‘तेजस्वी, तेज प्रताप मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। इस मौके पर डाक बंगला चौराहे की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।

इस मौके पर विधानसभा में विपक्षी दल के नेता प्रेम कुमार ने कहा कि इस मामले को लेकर पार्टी के नेता गुरुवार शाम राजभवन जाकर राज्यपाल से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यालय पर हमले के विरोध में लालू प्रसाद और नीतीश कुमार का पुतला पूरे बिहार में फूंका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला लालू के इशारे पर हुआ।

विरोध-प्रदर्शन में राजग में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि भाजपा के प्रदेश कार्यालय के पास बुधवार को भाजपा और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। भाजपा का आरोप है कि राजद कार्यकर्ताओं ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर हमला बोल दिया, वहीं राजद का कहना है कि राजद कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर भाजपा के लोगों ने पथराव किया। दोनों तरफ से पटना के कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493