बिहार में 12 वीं के टॉपरों पर उठे सवाल, परीक्षा समिति लेगी साक्षात्कार

पटना, 1 जून (आईएएनएस)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने 12 वीं (इंटरमीडिएट) के विज्ञान और कला संकाय में पांच टपरों के परीक्षाफल की जांच के आदेश दिए हैं। टॉपरों पर उठ रहे सवाल को गंभीरता से लेते हुए समिति ने प्रथम पांच स्थान में जगह बनाने वाले छात्रों के साक्षात्कार और उनकी लिखित परीक्षा लेने का फैसला किया है।

समिति के अध्यक्ष प्रो़ लालकेश्वर प्रसाद ने बुधवार को आईएएनएस से कहा कि दोनों संकाय के पांच टॉपर छात्रों को बोर्ड कार्यालय बुलाया गया है। बोर्ड द्वारा गठित समिति इन छात्रों का साक्षात्कार लेगी। टॉपरों की लिखित परीक्षा भी ली जाएगी। इसके बाद समिति बोर्ड नियमों के अनुसार फैसला करेगी।

बोर्ड के अध्यक्ष प्रो़ प्रसाद ने कहा कि कॉपियों में जो लिखे गए थे, उसके आधार पर अंक दिए गए हैं। परीक्षा प्रशासन की देखरेख में हुई। कॉपियों की जांच शिक्षकों ने की है। गड़बड़ी किस स्तर पर हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष कला संकाय की टॉपर रूबी राय हैं। उन्होंने कुल 500 अंक में से 444 अंक हासिल किए हैं। जब मीडिया के लोगों ने उनसे पूछा कि राजनीति विज्ञान में किस विषय की पढ़ाई होती है तो रूबी ने खाना बनाना सिखाने की बात कही थी। इसके बाद परीक्षा परिणाम पर सवाल उठाए जाने लगे। इसी तरह विज्ञान संकाय के टॉपर सौरभ श्रेष्ठ भी कई सामान्य प्रश्नों का जवाब नहीं दे पाए।

प्रो़ प्रसाद ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर सभी टॉपरों को बुलाया जाएगा। सभी टॉपरों के कॉलेजों व स्कूलों के शिक्षकों को पत्र भेजा जा रहा है। वैसे बोर्ड ने जो टॉपरों की सूची जारी की थी, उसमें पहले ही बता दिया गया है कि यह टॉपरों की अस्थाई सूची है। इसमें बदलाव हो सकता है। जांच के बाद पिछले साल भी कई टॉपर बदले गए थे।

उधर, राज्य के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493