सासाराम, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाते हुए रोहतास जिले के डेहरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को 40 से अधिक अवैध स्टोन (पत्थर) क्रशर मशीनों को नष्ट कर दिया।
रोहतास जिले के पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस, खनन विभाग और वन विभाग द्वारा गोपी बिगहा व महादेव बिगहा क्षेत्र में चल रहे 40 से ज्यादा अवैध क्रशर मशीनों को क्षतिग्रस्त किया गया। इस क्रम में मशीन के कई उपकरणों में आग लगा दी गई। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
ढिल्लों ने बताया कि अवैध क्रशर मालिकों के विषय में जानकारी इकट्ठा की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में अवैध पत्थर खनन का व्यवसाय वर्षो से चल रहा है। कार्रवाई के दौरान कई मौकों पर पुलिसकर्मियों पर हमले भी हो चुके हैं।
गौरतलब है कि पटना उच्च न्यायालय ने सरकार को अवैध खनन को तत्काल बंद करने का आदेश दिया है।
dharmpath.com dharmpath