पटना, 29 अगस्त (आईएएनएस)। अक्टूबर-नवंबर में संभावित बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के दल बदलने का सिलसिला जारी है। सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) के दो व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक विधायक ने शनिवार को अपनी-अपनी पार्टी की सदस्यता छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।
भाजपा के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडेय ने राजद विधायक बृजकिशोर सिंह और जद (यू) विधायक डॉ़ सुनील कुमार व रेणु कुशवाहा को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
तीनों विधायकों ने कहा कि राजद और जद (यू) की मौजूदा नीतियों से असहमति के कारण उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया है।
बृजकिशोर सिंह वरूराज सीट से व सुनील कुमार बिहारशरीफ से विधायक हैं। बिहार सरकार में उद्योग एवं आपदा प्रबंधन मंत्री रह चुकीं रेणु कुशवाहा के पति विजय सिंह कुशवाहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूणिया रैली में भाजपा में शामिल हुए थे। लोकसभा चुनाव के दौरान टिकट नहीं मिलने के कारण वह तभी से जद (यू) नेतृत्व से नाराज थीं।
dharmpath.com dharmpath