पटना, 27 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के वित्तमंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी ने सोमवार को बिहार विधानसभा में वर्ष 2017-18 का बजट पेश किया। इस बजट में कुल 160085़ 69 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस बजट में सरकार के ‘सात निश्चयों’ पर जोर दिया गया है।
बजट पेश करते हुए वित्तमंत्री ने कहा कि नए वित्तीय वर्ष में राज्य में बैंकों की संख्या बढ़ाई जाएगी तथा खाताधारियों को प्लास्टिक मनी देने पर जोर दिया जाएगा। नोटबंदी के बाद के झंझावातों से उबरने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कर की चोरी रोकने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अपने 20 मिनट के बजट भाषण में सिद्दीकी ने कहा कि बजट में विकास, गरीबी उन्मूलन और वित्तीय स्थायित्व पर जोर दिया गया है। इस बार फिर से सात निश्चयों पर जोर किया गया है।
उन्होंने कहा, “इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क और कृषि समेत सात निश्चय कार्यक्रम के तहत होने वाले कार्यो को प्राथमिकता दी गई है। प्राथमिकता के आधार पर सात निश्चय की योजनाओं को राशि आवंटित की गई है। महिलाओं के लिया विशेष ध्यान दिया गया है।”
सिद्दीकी ने कहा कि बिहार में सामाजिक न्याय के शराबबंदी लागू की गई है, शराबबंदी में जिस तरह से लोगों की सहभागिता मिल रही है वह सराहनीय है।
केंद्र सरकार द्वारा विशेष पैकेज या विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताते हुए वित्तमंत्री ने कहा कि केंद्रीय सहायता मिलने के बाद बिहार का विकास और तेज होता।
dharmpath.com dharmpath