बिहार विधान परिषद की 24 सीटों के लिए मतदान जारी (लीड-1)

पटना, 7 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में विधान परिषद की स्थानीय निकाय कोटे की 24 सीटों के लिए मंगलवार सुबह शुरू हुआ मतदान जारी है। दोपहर 12 बजे तक 44 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

बिहार निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि पहले चार घंटे के दौरान 44 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। अब तक नवादा क्षेत्र में सबसे ज्यादा करीब 75 प्रतिशत और समस्तीपुर में सबसे कम करीब 15 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अभी तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आऱ लक्ष्मणन ने बताया कि मतदान के लिए राज्य में 534 केंद्र बनाए गए हैं। इस चुनाव में एक लाख 38 हजार 904 मतदाता 152 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।

इन 24 सीटों के लिए स्थानीय निकायों के निर्वाचित सदस्य मतदान कर रहे हैं। मतगणना 10 जुलाई को होगी।

इस चुनाव में गोपालगंज में सबसे कम दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि सहरसा में सबसे अधिक 14 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सभी मतदान केन्द्रों पर वीडियोग्राफी कराई जा रही है तथा सभी मतदान केन्द्रों पर माइक्रो पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। मतदाता शाम चार बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493