बिहार : विवादित जमीन पर पूजा को लेकर हंगामा, 3 वाहन फूंके, 14 गिरफ्तार

दरभंगा, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक विवादित जमीन पर पूजा करने के दौरान दो गुटों में हुए पथराव में दर्जनों लोग घायल हो गए। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने तीन वाहनों को फूंक दिया और कई घरों में तोड़फोड़ की। इस बीच 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।

पुलिस के अनुसार, भरवाड़ा स्थित गुणी गरबी दयाल के गहबर की जमीन पर पूजा के बाद दूसरे पक्ष के दर्जन भर से अधिक लोगों के द्वारा हमला के बाद दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। इस दौरान लोगों ने तीन बाइकों में आग लगा दी तथा कई घरों में तोड़फोड़ की गई। कुछ दुकानों को भी निशाना बनाया गया।

पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह बड़ी संख्या में महिलाओं सहित अन्य श्रद्धालु गहबर की जमीन पर बाजा बजाते हुए पहुंच गए। मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें जमीन के पास जाने से रोक दिया। इसी दौरान विधान पार्षद अर्जुन सहनी और विधायक जीवेश कुमार सहित सैकड़ों लोग भी वहां पहुंच गए।

अधिकारियों द्वारा धारा 144 का हवाला देते जब लोगों को रोका गया, तब सभी लोग धरना पर बैठ गए और जमीन पर पूजा शुरू कर दी।

पूजा खत्म होते ही बगल के एक कमरे में बैठे दूसरे पक्ष के एक दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी, डंडे से लैस होकर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। मंदिर के बगल में स्थित एक झोपड़ी में लोगों ने आग लगा दी। दोनों ओर से जमकर हंगामा किया गया। लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी।

दरभंगा (मुख्यालय) के पुलिस उपाधीक्षक दिलनवाज अहमद ने बताया कि इस मामले में अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। क्षेत्र में तनाव बना हुआ है, लेकिन हालात काबू में हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493