अरवल, 13 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के अरवल जिला के नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक विवाह समारोह में उस वक्त मातम छा गया, जब खुशी का इजहार करने के लिए बंदूक से चलाई गोली से एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पटना जिले के लहलादपुर गांव निवासी राजेश राम के बेटे सुधीर राम की बारात असलानपुर गांव निवासी उदय राम के यहां आई थी। विवाह समारोह में शादी के पूर्व के सभी रस्म निभाए जा रहे थे। इस दौरान खुशी का इजहार करने के लिए बंदूक से गोलियां चलाई गईं। एक गोली बारात में शामिल राहुल कुमार को जा लगी, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
नगर थाना प्रभारी कन्हैया सिंह ने बताया कि राजेश राम के बयान के आधार पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath