बिहार : शहाबुद्दीन राजद की कार्यकारिणी में, भाजपा ने की आलोचना

पटना, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में बाहुबली नेता और पूर्व सांसद शहाबुद्दीन को शामिल किया गया है। विपक्षी भाजपा ने इसकी तीखी आलोचना की।

भाजपा ने जहां जेल में बंद मोहम्मद शहाबुद्दीन को राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद का ‘दुलरुआ’ बताकर सियासी हमला बोला है, वहीं राजद ने भाजपा को अपने गिरेबां में झांकने की सलाह दी है।

भजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राजद कार्यकारिणाी में कई आपराधिक मामलों में सजा काट रहे शहाबुद्दीन को शामिल किए जाने पर कहा, “शहाबुद्दीन सजायाफ्ता अपराधी हैं। वह न लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं और न ही पंचायत चुनाव। लालू प्रसाद का दुलरुआ (लाड़ला) होने की वजह से शहाबुद्दीन को राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।”

उन्होंने लालू प्रसाद पर आपराधिक चरित्र के लोगों को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे इस विषय में क्या सोचते हैं।

इधर, राजद की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें पहले अपने गिरेबां में झांककर देखना चाहिए और अपना घर संभालना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि राजद अध्यक्ष ने रविवार को नई कार्यकारिणी की घोषणा की है। राजद की नई कार्यकारिणी में पांच उपाध्यक्ष, चार महासचिव, नौ सचिव और 56 सदस्यों को जगह दी गई है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी मंे राबड़ी के अलावा पुत्र तेजस्वी प्रसाद यादव (उपमुख्यमंत्री ) और तेज प्रताप यादव (मंत्री) तथा पुत्री मीसा भारती को भी जगह मिली है। राजद कार्यकारिणी में पूर्व सांसद शहाबुद्दीन की लंबे अरसे बाद वापसी हुई है।

उल्लेखनीय है कि शहाबुद्दीन इस समय सिवान जेल में बंद हैं तथा कई आपराधिक मामलों में सजा काट रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493