बिहार : सड़क हादसे को लेकर बवाल, थाना प्रभारी समेत 2 की मौत (लीड-1)

हाजीपुर/पटना, 18 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक सड़क हादसे में हुई दो व्यक्तियों की मौत को लेकर बुधवार को शुरू हुए हंगामे को शांत करने के क्रम में पुलिस को गोलीबारी करनी पड़ी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने पथराव किया जिसमें बेलसर सहायक थाने (ओपी) के प्रभारी अजीत कुमार की मौत हो गई तथा अन्य तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतक के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को अगरपुर जी़ ए़ स्कूल के पास एक अनियंत्रित वैन एक घर में घुस गई थी, जिससे दो व्यक्तियों की मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद दो गुटों में झड़प हो गई तथा इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

पुलिस अधिकारियों ने हालांकि मंगलवार को किसी तरह से मामले को शांत कराया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार सुबह एक बार फिर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। इस क्रम में कुछ लोगों ने वैन के चालक समेत कई अन्य घरों में आग लगा दी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।

अधिकारी के अनुसार, भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने गोलीबारी की। इस गोलीबारी में दो व्यक्ति घायल हो गए, जिनमें एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान राकेश कुमार (18) के रूप में की गई है।

अधिकारी के अनुसार, पथराव में बेलसर सहायक थाने के प्रभारी अजीत कुमार समेत चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पटना मेडिकल कलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां थाना प्रभारी की मौत हो गई।

बिहार के पुलिस महानिदेषक पी़ क़े ठाकुर ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) और पुलिस महानिरीक्षक (जेल) के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय जांच टीम का गठन किया गया है जो पूरे मामले की जांच करेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे और झड़प में मारे गए लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये बतौर मुआवजा देने की घोषणा की है।

अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) आलोक राज ने बताया कि लालगंज थाना क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्र में कैम्प कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तनाव है, परंतु स्थिति नियंत्रण में है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493