बिहार : सीमांचल एक्सप्रेस पटरी से उतरी, 7 मरे, जांच के आदेश (लीड-2)

हाजीपुर, 3 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के वैशाली जिले में रविवार सुबह 12487 जोगबनी-आनंदबिहार सीमांचल एक्सप्रेस के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई है जबकि 27 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस बीच रेलवे ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

पूर्व-मध्य रेलवे के मुख्य सूचना जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार के मुताबिक, “जोगबनी से नई दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल जा रही सीमांचल एक्सप्रेस रविवार तड़के तीन बजकर 52 मिनट पर मेहनार रोड से गुजरी और लगभग चार बजे सहदोई बुजुर्ग के पास इसकी 11 बोगियां पटरी से उतर गईं।”

उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में तीन स्लीपर (एस 8, एस 9, एस 10) और एक एसी (बी 3) बोगी सहित 11 बोगियां पटरी से उतर गईं और कई बोगियां एक-दूसरे पर चढ़ गईं। इस घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए गए। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई है जबकि 27 लोग घायल हैं जिनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है।

इस दुर्घटना के कारणों के जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पूर्वी जोन के चीफ कमिश्नर ऑफ सेफ्टी मो. लतीफ खान इस हादसे की जांच करेंगे।

कुमार ने बताया कि यात्रियों को गंतव्य तक भेजे जाने के लिए विशेष ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने रेल हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना में घायल हुए लोगों को हरसंभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

रेलवे के एक अधिकारी के मुताबिक, दुर्घटना की सूचना के बाद रेलवे के अधिकारी और स्थानीय प्रशासन घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

रेलवे द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया गया है। राहत और बचाव कार्य में रेलवे, स्थानीय प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीमें लगी हुई हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493