श्रीनगर, 3 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीनगर का न्यूनतम तापमान करीब दो महीने बाद रविवार को हिमांक से ऊपर चला गया है, इसके साथ ही मौसम विभाग के अधिकारियों ने जम्मू एवं कश्मीर में अगले 72 घंटों में शुष्क मौसम का पूर्वानुमान जताया है।
अधिकारी ने कहा, “श्रीनगर में आज का न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह लगभग दो महीने बाद हिमांक बिंदू से ऊपर दर्ज किया गया है।”
उन्होंने कहा, “अगले 72 घंटों के दौरान राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, जिसके बाद बारिश और बर्फबारी का एक और दौर शुरू होने की संभावना है।”
पहलगाम में रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 9.1 डिग्री सेल्सियस नीचे और गुलमर्ग में शून्य से 7.0 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
लद्दाख क्षेत्र के लेह शहर का न्यूनतम तापमान शून्य से 12.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि कारगिल का न्यूनतम तापमान शून्य से 16.4 डिग्री नीचे और द्रास का शून्य से 22.0 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
जम्मू शहर का तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस, कटरा का 6.0 डिग्री सेल्सियस, बटोट का शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे, बनिहाल का 0.9 डिग्री और भदरवाह का शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो रात का सबसे कम तापमान है।
dharmpath.com dharmpath