बिहार : सीवान में दिवंगत पत्रकार की पत्नी को हत्या की धमकी

सीवान, 29 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के सीवान जिले में दिवंगत पत्रकार राजदेव रंजन की पत्नी आशा रंजन को किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल फोन पर हत्या की धमकी दी। आशा रंजन ने इसकी सूचना पुलिस और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को दे दी है।

पुलिस के अनुसार, आशा रंजन ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को दिए एक आवेदन में कहा है कि 26 दिसंबर की रात उनके मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करनेवाले व्यक्ति ने कहा कि शहाबुद्दीन को जानती हो?

आशा रंजन के ‘हां’ कहने पर फोन करने वाले ने धमकी देते हुए कहा, “बहुत नाटक हो गया। तुम लोग अभी सीधे-सीधे अपना सर्वोच्च न्यायालय वाला केस वापस ले लो। वरना इतने टुकड़े में काटेंगे कि कोई पहचान नहीं पाएगा।”

आशा रंजन ने पुलिस अधीक्षक से पूरे परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि अपराधियों ने 13 मई, 2016 को सीवान में ही पत्रकार राजदेव रंजन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। राज्य सरकार की अनुशंसा पर इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है।

इस दौरान पत्रकार की पत्नी आशा रंजन ने सर्वोच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की है कि जब तक पूर्व सांसद शहाबुद्दीन बिहार में रहेंगे, इस मामल की निष्पक्ष सुनवाई राज्य में नहीं हो सकती।

शहाबुद्दीन वर्तमान समय में सीवान की जेल में बंद हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493