बिहार : स्कूल में घुसकर छात्राओं से मारपीट के मामले में 6 गिरफ्तार

सुपौल, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज के कस्तूरबा आवासीय बालिका विद्यालय में घुसकर 35 से ज्यादा लड़कियों के साथ मारपीट करने के आरोप में अब तक एक महिला सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस का दावा है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

सुपौल के पुलिस अधीक्षक मृत्युंजय चौधरी ने सोमवार को आईएएनएस को बताया,”इस मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।”

उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की त्वरित सुनवाई की पहल करेगी।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को मनचलों ने स्कूल में घुसकर यहां रहने वाली लड़कियों के साथ मारपीट की थी, जिसमें 35 से ज्यादा लड़कियां घायल हो गई थी।

पीड़ित छात्राओं का कहना है कि छात्राएं जब परिसर में खेल रही थी उसी दौरान बाहर से मनचले अभद्र टिप्पणियां करने लगे। लड़कियों ने जब इसकी शिकायत शिक्षकों से की उसके बाद यह मनचले वहां से चले गए लेकिन उसके बाद अपने कई साथियों और गांव के लोगों के साथ लौटे और स्कूल में घुसकर मारपीट की।

सभी घायल छात्राओं का इलाज सुपौल के सदर अस्पताल में चल रहा है।

सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि सभी घायल छात्राओं की स्थिति अब बेहतर है। कई छात्राओं को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और जो भी शेष यहां इलाजरत हैं, उन्हें सोमवार को छुट्टी दे दी जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493