बिहार : स्वाभिमान रैली में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

पटना, 29 अगस्त (आईएएनएस)। राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में रविवार को प्रस्तावित ‘स्वाभिमान रैली’ को लेकर बिहार में सतारूढ़ जनता दल (युनाइटेड), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस ने अपनी ताकत झोंक दी है। रैली को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रैली के मद्देनजर प्रशासन की ओर से खास इंतजाम किए जा रहे हैं।

महागठबंधन द्वारा आयोजित रैली की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी टीम के साथ गांधी मैदान पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद भी रैली की तैयारियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं। रैली में भीड़ जुटाने के लिए लालू पिछले कई दिनों से संपर्क अभियान में जुटे हैं।

रैली को लेकर पटना में जगह-जगह तोरण द्वार बनाए जा रहे हैं और झंडे-बैनर लगाए जा रहे हैं।

राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने बताया कि भीड़ के ठहरने के लिए गांधी मैदान के साथ ही महागठबंधन के विधायक एवं अन्य नेताओं की ओर से भी अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्था की जा रही है।

राज्य भर में नुक्कड़ नाटकों, सभाओं, रोड शो तथा सभाओं के जरिए लोगों को रैली में आने की अपील की गई है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को कहा था कि रैली जबर्दस्त और अभूतपूर्व होगी। इस रैली में घटक दलों के प्रमुख नेता शामिल होंगे।

माना जा रहा है कि रैली को लेकर महागठबंधन विपक्षी दलों को अपनी ताकत का एहसास कराना चाहती है।

जद (यू) के प्रवक्ता अजय आलोक ने बताया कि रैली को लेकर गांधी मैदान में दो मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर तीनों दलों के विशिष्ठ अतिथि बैठेंगे, जबकि दूसरे मंच पर दलों के संगठन से जुडे 300 नेता बैठेंगे। पुरुषों और महिलाओं को बैठने के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं।

रैली को लेकर जिला प्रशासन ने गांधी मैदान इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। जिले के एक अधिकारी ने बताया कि मैदान के सभी प्रवेश द्वारों पर दंडाधिकारी तथा मैदान में क्षेत्रीय दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। रैली में आने वाले वाहनों को शहर के बाहर रोकने की व्यवस्था की जा रही है।

पटना के जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को गांधी मैदान का जायजा लिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493