आंध्र में बंद के कारण जन-जीवन प्रभावित

विजयवाड़ा, 29 अगस्त (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने में हो रहे विलंब के विरोध में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआहरसीपी) द्वारा आहूत दिन भर के राज्यव्यापी बंद के कारण शनिवार को राज्य में जन-जीवन प्रभावित रहा।

जहां एक ओर आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (एपीएसआरटीसी) की बसें सड़कों से नदारद रहीं, वहीं दूसरी ओर राज्य के 13 जिलों के ज्यादातर हिस्सों में दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान और शैक्षिक संस्थान बंद रहे।

वाम दलों, विद्यार्थी समूहों, व्यापारियों, कर्मचारी संघों, जन संगठनों ने दिनभर के बंद को अपना समर्थन देने की घोषणा की है।

वाईएसआहरसीपी के कार्यकर्ता कई शहरों में सुबह से ही सड़कों पर उतर आए और उन्होंने ‘हमें विशेष दर्जा चाहिए’ और मुख्यमंत्री के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने बसों को सड़कों पर आने से रोकने के लिए एपीएसआरटीसी के डिपो पर धरना दिया।

रायलसीमा और तटीय आंध्र में बंद की अच्छी प्रतिक्रिया देखी गई है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और माकपा ने भी रैलियां निकालकर बंद का समर्थन किया।

इस बीच, पुलिस ने विजयवाड़ा से वाईएसआरसीपी के नेताओं को नेहरू बस स्टेशन पर धरना प्रदर्शन करने के लिए गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए नेताओं में पूर्व मंत्री पार्थसारथी और वंगावीति राधा भी शामिल हैं।

पुलिस ने विशाखापट्टनम से भी वाईएसआरसीपी के नेता विजय साई रेड्डी के साथ साथ अन्य पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सड़क जाम करने के लिए गिरफ्तार किया और तिरुपति से भी वाईएसआरसीपी के विधायकों और अन्य नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।

भाकपा और माकपा कार्यकर्ताओं ने अनंतपुर जिले में एक रैली निकाली। राज्य के कडप्पा, कुरनूल, नेल्लोर, गुंटूर, अंगोल, राजमुंदरी, एलुरू, श्रीकाकुलम और अन्य शहरों में भी विरोध प्रदर्शन देखा गया।

विपक्षी नेता जगमोहन रेड्डी ने कहा कि केंद्र में भाजपा नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में भागीदार होने के बावजूद तेलुगू देशम पार्टी(तेदेपा) राज्य को न्याय दिला पाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र को जल्द से जल्द अपने वादे पूरे करने चाहिए।

विशेष दर्जा के मुद्दे पर अब तक तीन लोग आत्महत्या कर चुके हैं और शुक्रवार को कुरनूल में एक और व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ने के कारण उसकी मौत हो गई।

मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंगलवार को मुलाकात की थी और उनसे राज्य को विशेष दर्जा देने के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493