स्वाभिमान रैली में नृत्य का आयोजन नहीं

पटना, 29 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने शनिवार को कहा कि रविवार को पटना के गांधी मैदान में आयोजित ‘स्वाभिमान रैली’ में नर्तकियों का नृत्य नहीं होगा। उन्होंने महागठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी के लिए पांच सीटें छोड़ने की भी घोषणा की।

राजद के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में लालू ने कहा कि बिहार चुनाव नाक की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बिहार का नहीं, बलिक पूरे देश का चुनाव है। इस चुनाव के परिणाम पर पूरे देश की नजर है।

लालू ने अपने खास अंदाज में कहा, “स्वाभिमान रैली में नर्तकियों का नृत्य नहीं होगा। सभी कार्यकर्ता शांति के साथ रैलीस्थल पर पहुंचेंगे और किसी भी तरह कानून हाथ में लेने की कोशिश नहीं करेंगे।”

गौरतलब है कि इससे पहले लालू की रैलियों में नर्तकियों का नृत्य खास होता था। नेताओं और कार्यकर्ताओं के मनोरंजन के लिए खासतौर पर नर्तकियों के नृत्य का आयोजन किया जाता था।

लालू ने कहा कि बिहार चुनाव में समाजवादी पार्टी पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए लालू ने कहा कि तानाशाही प्रवृत्ति के कारण पूरे देश में आपातकाल की परिस्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ लोकसभा चुनाव में जो वादे किए गए वह अब तक पूरे नहीं किए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि महागठबंधन में राजद के अलावा जनता दल (युनाइटेड), कांग्रेस और समाजवादी पार्टी शामिल है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493