पटना, 18 सितम्बर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) ने शुक्रवार को 13 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पूर्व मुख्यमंत्री और हम के प्रमुख जीतन राम मांझी जहानाबाद जिले के मखदुमपुर क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी होंगे।
पटना में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मांझी ने 13 विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही शेष क्षेत्रों के लिए भी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि हम पहली बार चुनाव मैदान में उतरने वाली है।
मांझी ने कहा कि वे खुद मखदुमपुर क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी होंगे जबकि पूर्व मंत्री वृषिण पटेल वैशाली से, महाचन्द्र प्रसाद सिंह हथुआ से और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शकुनी चौधरी तारापुर से पार्टी के प्रत्याशी होंगे। मांझी के पुत्र संतोष कुमार सुमन औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा विधानसभा क्षेत्र से हम के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।
उल्लेखनीय है कि भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा), राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) और हम शामिल है। राजग में सीट बंटवारे के तहत हम को 20 सीट दी गई है।
बिहार में कुल 243 विधानसभा क्षेत्रों में पांच चरणों में चुनाव होना है। पहले चरण का मतदान 12 अक्टूबर को होगा।
dharmpath.com dharmpath