पटना, 23 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में रंगों के त्योहार होली में हुड़दंग करने वालों पर कड़ी कारवाई होगी। राज्य के हवाईअड्डों से लेकर रेलवे स्टेशनों और अन्य संवेदनशील इलाकों में नजर रखी जा रही है।
पुलिस मुख्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि राज्य में गुरुवार को होली के मद्देनजर, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। त्वरित प्रतिक्रिया बल (रैफ) के जवान अलग-अलग इलाकों में गश्त कर रहे हैं।
इधर, पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि पुलिस उपाधीक्षकों और थाना प्रभारियों को अगले 48 घंटे तक मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि शराब पीकर हुडदंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। पुलिस अपराधियों पर भी नजर रख रही है। उन्होंने बताया कि शहर में सीसीटीवी से भी निगरानी रखी जा रही है।
होली पर्व को लेकर सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। थाना प्रभारियों को गश्त तेज करने का निर्देश दिया गया है।
महाराज ने बताया कि राजधानी की सड़कों पर काफी संख्या में पुलिस के जवान मौजूद रहेंगे। गलियों में भी सादे लिबास में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
dharmpath.com dharmpath