गया, 24 मई (आईएएनएस)। बिहार के गया जिले के शेरघाटी क्षेत्र में मंगलवार को एक नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए लोगों ने एक पुलिस वाहन सहित आठ वाहनों को फूंक दिया।
पुलिस के अनुसार, कोठार गांव के समीप मोरहार नदी में नहाने गए दो बच्चों- अंकित (12) और आनंद (8) की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि नदी में अवैध बालू खनन के कारण नदी के अंदर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
बच्चों की मौत से गुस्साए लोगों ने अवैध खनन में लगे एक ट्रैक्टर, चार ट्रक और दो अन्य मशीनों को आग के हवाले कर दिया। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस की जीप में भी लोगों ने आग लगा दी।
गया के पुलिस अधीक्षक (नगर) अवकाश कुमार ने बताया कि नदी से दोनों बच्चों के शव निकाल लिए गए हैं। पुलिस की टीम गांव में कैम्प कर रही है और पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath