पटना, 7 अक्टूबर (आईएएनएस) बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने बुधवार को एक निजी होटल में ठहरे पांच संदिग्ध कश्मीरी युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। हिरासत में लिए गए युवक खुद को व्यापारी बता रहे हैं।
पटना में कोतवाली क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक शिवली नोमानी ने बताया कि पुलिस ने कोतवाली थाना क्षेत्र के जमाल रोड स्थित एक निजी होटल में छापा मार कर जम्मू एवं कश्मीर के रहने वाले पांच संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है।
पुलिस को इनकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही हैं, परंतु पूछताछ के दौरान सभी युवक खुद को फल व्यापारी बता रहे हैं। पुलिस सत्यापन में जुटी है। पुलिस सभी युवकों से पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
गौरतलब है कि चुनाव प्रचार को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को बिहार आने वाले हैं।
बिहार में विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए 12 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में मतदान होना है। मतों की गिनती आठ नवंबर को होगी।
dharmpath.com dharmpath