नई दिल्ली, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। नए कोचों, स्कूल प्रशिक्षकों और शारीरिक शिक्षा (पीई) के शिक्षकों की मदद करने और उन्हें विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) से प्रमाण पत्र दिलाने के उद्देश्य से भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के अध्यक्ष अखिलेश दास ने ‘शटल टाइम’ नामक स्कूल कार्यक्रम की शुरुआत की है।
इसकी घोषणा शनिवार को की गई।
इस कार्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को बीडब्ल्यूएफ के कोचों द्वारा मार्गदर्शन और तकनीकी ज्ञान दिया जाएगा। साथ ही शिक्षकों के लिए मैन्युअल, कार्ययोजन और वीडियो क्लीप मुहैया कराई जाएंगी।
इस अवसर पर अखिलेश ने कहा, “बैडमिंटन इस समय भारत में आगे बढ़ रहा है। यह धीरे-धीरे लोकप्रियता हासिल कर रहा है। यह कार्यक्रम निश्चित ही खेल को देश में आगे ले जाएगा और युवाओं में बैडमिंटन को लोकप्रिय बनाएगा।”
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के महानिदेशक इनजेती श्रीनिवास ने कहा, “भारतीय बैडमिंटन संघ खेल को बढ़ावा देने के लिए सभी स्तर पर काम कर रही है। शटल टाइम कार्यक्रम बीएआई द्वारा कोचों और पीई शिक्षकों को प्रशिक्षित करने का माध्यम है। जोकि जमीनी स्तर पर युवा प्रतिभा को तराशेगी।”
dharmpath.com dharmpath