जम्मू, 25 जुलाई (आईएएनएस)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान ने रविवार को जम्मू जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे एक सुरक्षा चौकी में अपने सहयोगी को चाकू घोंप दिया और उसकी हल्की मशीनगन (एलएमजी) के साथ फरार हो गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि बिहार के दरभंगा निवासी बीएसएफ जवान राजीव राजन ने जम्मू जिले के कनाचक क्षेत्र स्थित बेली अजमत चौकी में एक अन्य जवान रघुबीर सिंह पर चाकू से हमला कर दिया।”
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद राजन एलएमजी और 10 कारतूसों के साथ फरार हो गया। दोनों जवान बीएसएफ की 89 बटालियन से हैं।
अधिकारी का कहना है कि राजन ने 21 जुलाई से अवकाश लिया था।
अधिकारी ने बताया, “शुरुआती जांच से पता चलता है कि वह 21 जुलाई को अपने घर के लिए रवाना नहीं हुआ, बल्कि अपने सहयोगी पर हमला करने और एलएमजी के साथ फरार होने के लिए वह चौकी छोड़कर छिपा रहा।”
उन्होंने बताया, “घायल जवान को अस्पताल ले जाया गया है।”
फरार जवान की तलाश के लिए हाई अलर्ट घोषित किया गया है। पड़ोसी राज्य पंजाब की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।
dharmpath.com dharmpath