फिरोजपुर (पंजाब), 7 फरवरी (आईएएनएस)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने रविवार को पंजाब के तरनतारन जिले के खेमकरन सेक्टर में चार तस्करों को मार गिराया और लगभग 10 किलोग्राम हेरोइन जब्त की। इनमें दो तस्कर पाकिस्तानी थे।
बीएसएफ के एक अधिकारी ने कहा कि घटनास्थल से हथियार व गोला बारूद भी बरामद हुए हैं। इनमें नौ एमएम के दो पिस्तौल, एक देसी पिस्तौल और 54 चक्र कारतूस, एक पाकिस्तानी सिम कार्ड, एक चाकू, एक पीवीसी पाइप और अन्य वस्तुएं शामिल हैं।
चंडीगढ़ से करीब 300 किलोमीटर दूर स्थित एक इलाके में तलाशी अभियान के दौरान बीएसएफ के जवानों ने ये बरामदगी की।
बीएसएफ के उपमहानिरीक्षक आर.एस. कटारिया ने कहा, “पाकिस्तानी और भारतीय तस्करों (कुल चार) ने तड़के लगभग 4.30 बजे फिरोजपुर सेक्टर में मेहंदीपुर सीमा चौकी के पास बीएसएफ के जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। बीएसएफ के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो भारतीय और दो पाकिस्तानी तस्कर मारे गए। चारों शव बाद में इलाके की तलाशी के दौरान बरामद हुए। स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई।”
जब्त की गई हेरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 करोड़ रुपये आंकी गई है।
बीएसएफ इस वर्ष पंजाब सेक्टर में इस वर्ष 18 किलोग्राम हेरोइन जब्त कर चुका है।
dharmpath.com dharmpath