नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिंदू सेना के प्रमुख विष्णु गुप्ता को पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया। गुप्ता ने केरल भवन में गोमांस परोसे जाने की झूठी शिकायत दर्ज कराई थी।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि गुप्ता को पूछताछ के लिए संसद मार्ग थाना ले जाया गया है।
अधिकारी ने कहा, “गुप्ता पर कई मामलों की वजह से हमारी नजर थी।” उस पर आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और वकील प्रशांत भूषण पर हमला करने का आरोप है।
दिल्ली पुलिस आयुक्त बी.एस.बस्सी ने कहा, “हम उस पर भारतीय दंड संहिता की धारा 182 के तहत कार्रवाई करने की सोच रहे हैं।” यह धारा उस पर लगाई जाती है जिस पर एक लोकसेवक को किसी दूसरे व्यक्ति के खिलाफ कानूनसम्मत तरीके से कार्रवाई करने के लिए झूठी सूचना देने का आरोप होता है।
गुप्ता ने सोमवार को पुलिस को केरल भवन में ‘बीफ’ परोसे जाने के बारे में सूचना दी थी। बीफ से उसका आशय गोमांस से था। इसके बाद पुलिस ने केरल भवन पर छापा मारा था। पुलिस की इस कार्रवाई की चौतरफा आलोचना हुई, क्योंकि केरल भवन की कैंटीन में जो ‘बीफ’ परोसा जाता है वह भैंस का मांस है।
केरल के मुख्यमंत्री ओमान चांडी ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर छापा मारने वाले पुलिस अफसरों पर कार्रवाई करने का आग्रह किया था।
इधर, केरल भवन के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “हम आज से ‘काराबीफ’ (भैंस का मांस) परोसना शुरू कर रहे हैं।” मंगलवार को विवाद के बाद इसे परोसा जाना रोक दिया गया था।
dharmpath.com dharmpath