‘बीफ’ विवाद पर आप ने बस्सी का इस्तीफा मांगा

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को ‘बीफ’ परोसे जाने के मामले में केरल भवन पर मारे गए छापे के लिए दिल्ली पुलिस आयुक्त बी.एस.बस्सी के इस्तीफे की मांग की।

आम आदमी पार्टी के नेता आशुतोष ने संवाददाताओं से कहा, “दिल्ली पुलिस का छापा पूरी तरह से गैरकानूनी था। बस्सी भाजपा के नेता बन चुके हैं। उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर वह इस्तीफा न दें तो उन्हें बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए।”

हिंदू सेना ने सोमवार को आरोप लगाया था कि केरल भवन में बीफ (गोमांस) परोसा जा रहा है। इसके बाद दिल्ली पुलिस के 20 अधिकारियों ने केरल भवन पर ‘छापा’ मारा था। कुछ ही देर में साफ हो गया कि जो बीफ केरल भवन में परोसा जा रहा है वह भैंस का मांस है।

बस्सी ने इस बात को गलत बताया है कि दिल्ली पुलिस ने केरल भवन पर छापा मारा था। उन्होंने कहा कि पुलिसवालों ने कुछ भी गलत नहीं किया है।

आशुतोष ने कहा, “छापा मारने वाले पुलिस अधिकारियों पर आपराधिक अतिक्रमण का मामला दर्ज होना चाहिए, क्योंकि इस मामले में (मांस की जांच के मामले में) दिल्ली पुलिस सक्षम प्राधिकारी नहीं है। “

उन्होंने कहा कि इस काम के लिए दिल्ली सरकार के पशु चिकित्सा विभाग के अफसर ही अधिकृत हैं।

आप की केरल इकाई के प्रभारी सोमनाथ भारती ने कहा कि अगर बस्सी को हटाने की मांग नहीं मानी गई तो उनकी पार्टी केरल में प्रदर्शन करेगी।

इस बीच दिल्ली पुलिस ने केरल भवन कैंटीन में गोमांस परोसे जाने की झूठी शिकायत करने पर हिंदू सेना के प्रमुख को हिरासत में लिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493