लखनऊ , 7 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को बुंदेलखंड का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ललितपुर में 10-10 मेगावाट के तीन सोलर पावर प्लांट की शुरुआत की। साथ ही 366 करोड़ रुपये की कई योजनाओं की आधारशिला भी रखी।
कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने गांव अमरपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या से निपटने के लिए सोलर पावर प्लांट एक सही विकल्प है। उनकी सरकार ने बुंदेलखंड की जरूरतों का ख्याल रखा है। इसलिए तीन सोलर पावर प्लांट की शुरुआत की गई है।
मुख्यमंत्री सुबह 10़ 30 बजे ललितपुर के अमरपुर गांव पहुंचे। सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन करने के बाद उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में बिजली की किल्लत काफी ज्यादा है। इससे निपटने के लिए सोलर प्लांट एक सही तरीका है।
उन्होंने कहा कि वह बुंदेलखंड की जरूरतों को समझते हैं, इसीलिए सरकार बनने के बाद सबसे ज्यादा यहां का दौरा किया। सरकार की विभिन्न योजनाएं यहां चल रही हैं। लोगों को पता है कि विकास हो रहा है। लिहाजा, वे पुरानी सरकार से तुलना करके देख सकते हैं कि कितना बदलाव आया।
किसान के मुद्दे पर अखिलेश ने कहा, “सपा ने किसानों-गरीबों की मदद की है। हमने उनके लिए कई अच्छी योजनाओं की शुरुआत की है। गरीबों के लिए लोहिया आवास बनवाए गए हैं। ये सब सपा ने अपने संसाधनों से ही किया है।”
सोलर प्लांट से बुंदेलखंड में लोगों को बिजली की समस्या से कुछ राहत मिलेगी। यहां सोलर प्लांट को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे पहले मुख्यमंत्री अखिलेश ने महोबा में बड़े सोलर प्लांट केंद्र का उद्घाटन किया था।
dharmpath.com dharmpath