बेहतर हवाई सेवा पर नए विचार दें : राजू

नई दिल्ली, 22 जनवरी (आईएएनएस)। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू ने शुक्रवार को कहा कि देश वृद्धि की राह पर है, जहां अपार आर्थिक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि हवाई यात्रियों की संख्या में वृद्धि के साथ ही माल यातायात वृद्धि को भी महत्व देने की जरूरत है।

उन्होंने बेहतर हवाई सेवाओं और इसके विकास के लिए विभिन्न हितधारकों से नए विचार देने की अपील की।

राजू शुक्रवार को राजधानी में हवाईअड्डा विपणन सम्मेलन के उद्घाटन के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, “हमें पूर्व के अनुभवों से प्रेरणा लेकर भविष्य की जरूरतों के अनुसार बनने की आवश्यकता है।”

सम्मेलन को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) महेश शर्मा ने कहा कि मजबूत मध्यम आय वर्ग के लोगों के कारण देश में हवाई सेवाओं के लिए भारी संभावना है और इसमें प्रभावी विपणन की महत्वपूर्ण भूमिका है।

पर्यटन क्षेत्र में उड्डयन क्षेत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि हवाई संपर्क में अधिक सुधार किया गया है।

मंत्री ने सभी विभागों से अपील की है कि वे मिलकर हवाई सेवा में सुधार लाएं।

इस मौके पर नागरिक उड्डयन महानिदेशक एम. सत्यवंती ने सुरक्षा परिदृश्य का जिक्र करते हुए कहा कि व्यापार का सृजन केवल उन यात्रियों से होगा जो हवाईअड्डों का प्रयोग करते हैं।

उन्होंने हवाईअड्डों के अधिकतम प्रयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया और कहा कि यात्रियों की जरूरतों का ख्याल रखा जाएगा।

उन्होंने हवाईअड्डों पर व्यवस्था संभालने के लिए प्रशिक्षित श्रमशक्ति की जरूरत को रेखांकित किया।

भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण (एएआई) के अध्यक्ष आर.के. श्रीवास्तव ने कहा कि देश में 30 करोड़ लोग मध्य आय वर्ग से हैं, जो साल में कम से कम एक बार हवाई यात्रा करते हैं। इससे पता चलता है कि देश की मजबूत आर्थिक वृद्धि का प्रस्ताव यात्रियों और माल दोनों क्षेत्रों में स्थायी हवाई यातायात प्रवृत्ति सुनिश्चित करती है।

उन्होंने कहा कि एएआई इस प्रस्तावित वृद्धि को पाने की अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए प्रतियोगी रूप से काम करेगा।

उन्होंने बताया कि हाल के वर्षो में एएआई ने 33 हवाईअड्डों का विकास पूरा कर लिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493