नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। अपनी आगामी फिल्म ‘तुम बिन-2’ की रिलीज का इंतजार कर रहीं अभिनेत्री नेहा शर्मा का कहना है कि वह अपने असल जीवन में काफी रोमांटिक हैं।
नेहा ने आईएएनएस को ई-मेल के जरिए दिए एक साक्षात्कार में कहा, “मैं बेहद रोमांटिक इंसान हूं। वृश्चिक राशि होने के नाते मुझे लगता है कि रोमांस और जुनून मुझ में पहले से ही हैं।”
‘तुम बिन’ के सीक्वल ‘तुम बिन-2’ का निर्देशन अनुभव सिन्हा ने किया है और इसका निर्माण भूषण कुमार तथा टी-सीरीज द्वारा संयुक्त रूप से किया गया है।
इमरान हाशमी की 2010 में रिलीज हुई फिल्म ‘क्रुक : इट्स गुड टु बी बैड’ से बॉलीवुड में कदम रखने वाली अभिनेत्री नेहा को पिछली बार 2014 में आई फिल्म ‘यंगिस्तान’ में देखा गया था।
इतने समय तक बड़े पर्दे से दूरी रखने के कारण के बारे में नेहा ने कहा, “मैं फिल्मों को काफी देख परख कर चुनती हूं। मुझे ‘तुम बिन-2’ जैसे किरदार पसंद हैं और यही मुझे फिल्म की ओर आकर्षित करते हैं।”
स्कॉटलैंड में शूट की गई फिल्म ‘तुम बिन-2’ 18 नवम्बर को रिलीज होगी और इसमें आदित्य सील और आशिम गुलाटी भी मुख्य भूमिका में हैं।
dharmpath.com dharmpath