बैंक ऑफ इंग्लैंड विपरीत स्थिति से निपटने को तैयार

लंदन, 24 जून (आईएएनएस)। यूरोपीय संघ (ईयू) से बाहर होने (ब्रेक्सिट) के ब्रिटेन के फैसले के बाद बाजार में छाए असमंजस को दूर करने के लिए बैंक ऑफ इंग्लैंड के गवर्नर मार्क कार्नी ने शुक्रवार को कहा कि वह बाजार में 250 अरब पाउंड की अतिरिक्त तरलता बढ़ाने और दूसरे जरूरी उपाय करने के लिए तैयार है।

कार्नी ने यहां संवाददाताओं से कहा, “बैंक ऑफ इंग्लैंड ब्रेक्सिट के लिए पूरी तरह तैयार है। यह 250 अरब स्टर्लिग की अतिरिक्त तरलता देने के लिए तैयार है। जरूरत पड़ने पर और तरलता बढ़ाने के लिए भी यह तैयार है।”

उन्होंने कहा, “कुछ सप्ताहों में बैंक की फिर एक बैठक होगी और अन्य जिम्मेदारियों पर विचार किया जाएगा।”

उन्होंने कहा, “बैंक ऑफ इंग्लैंड ने एक प्रणाली स्थापित की है, जो यह सुनिश्चित करेगी कि वित्तीय प्रणाली के केंद्र में पूंजी निवेश होता रहे और उसमें समुचित तरलता हो।”

उन्होंने कहा कि ब्रिटेन का केंद्रीय बैंक प्रणाली में तरलता बनाए रहेगा, ताकि इसकी वित्तीय सेवा से अर्थव्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सहायता मिलती रहे।

कार्नी ने कहा, “अर्थव्यवस्था नए संबंध के साथ खुद का समायोजित करेगी।”

बैंक ऑफ इंग्लैंड का मानना है कि ब्रेक्सिट से विकास प्रभावित होगा और अर्थव्यवस्था के मंदी में फंसने का खतरा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493