बैडमिंटन : विश्व चैम्पियनशिप में सायना का विजयी आगाज

जकार्ता, 12 अगस्त (आईएएनएस)। दूसरी विश्व वरीयता प्राप्त स्टार भारतीय खिलाड़ी सायना नेहवाल ने बुधवार को बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप में जोरदार शुरुआत करते हुए 33 मिनट में अपनी प्रतिद्वंद्वी को हरा दिया।

पहले राउंड में बाई पाने वाली सायना ने बुधवार को महिला एकल वर्ग के दूसरे राउंड के मुकाबले में हांगकांग की नगान यीन चेयुंग को 21-13, 21-9 से हरा दिया।

सायना ने आक्रामक शुरुआत करते हुए चेयुंग पर 6-1 की बढ़त हासिल कर ली और दोबारा लगातार छह अंक हासिल करते हुए अपनी बढ़त 17-13 कर ली। आखिरी तीन अंक जीतते हुए सायना ने पहला गेम अपने नाम किया।

पहले गेम में सायना एक बार बढ़त लेने के बाद एक बार भी पीछे नहीं हुईं।

पहला गेम जीतने के बाद रौ में लौट चुकीं सायना ने दूसरे गेम में चेयूंग पर शिकंजा और कस दिया। लगातार 10 अंक जीतते हुए सायना ने चेयुंग पर 19-9 की विशाल बढ़त ले ली और आसानी से मैच अपने नाम कर लिया।

सायना अब तीसरे दौर में 14वीं वरीय जापान की सयाका ताकाहाशी से भिड़ेंगी।

सायना के अलावा बुधवार को विश्व चैम्पियनशिप में पुरुष एकल वर्ग में तीसरे वरीय किदांबी श्रीकांत और महिला युगल वर्ग में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा ने भारत की उम्मीदें जिंदा रखी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493