गया, 7 जुलाई (आईएएनएस)। भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया के महाबोधि मंदिर परिसर में बम विस्फोट की घटना के दूसरी बरसी पर मंगलवार को महाबोधि मंदिर परिसर में बौद्ध भिक्षुओं द्वारा विशेष सूत्त पाठ का आयोजन किया गया तथा मंदिर में विश्व शांति के लिए विशेष पूजा अर्चना की गई।
महाबोधि मंदिर के भिक्षु प्रभारी चलिंदा भंते ने बताया कि महाबोधि मंदिर से विश्व शांति का उद्घोष किया गया तथा पवित्र महाबोधि वृक्ष के नीचे सूत्त पाठ का आयोजन किया गया। इस पाठ में करीब 1000 बौद्ध भिक्षुओं ने भाग लिया।
इंटरनेशनल बुद्घिस्ट काउंसिल तथा महाबोधि मंदिर प्रबंधकारिणी समिति द्वारा आयोजित इस सूत्त पाठ में बोधगया स्थित विभिन्न मठों के बौद्घ भिक्षुओं ने हिस्सा लिया। सूत्त पाठ के माध्यम से विश्वशांति की कामना की गई ।
उन्होंने बताया कि भगवान बुद्ध का उपदेश शांति, अहिंसा, करूणा तथा विश्व बंधुत्व का रहा है।
इधर, बम विस्फोट की दूसरी बरसी को लेकर महाबोधि मंदिर परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इस दौरान गया के जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने मंदिर परिसर का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
उल्लेखनीय है कि महाबोधि मंदिर परिसर में सात जुलाई 2013 को हुए श्रृंखलाबद्ध विस्फोट में दो बौद्ध भिक्षु घायल हो गए थे। इसके बाद मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विस्फोट की घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा बिहार सैन्य बल के हवाले कर दी गई है।
dharmpath.com dharmpath