हैदराबाद, 29 नवंबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के मेडक जिले में शनिवार को एक बोरवेल में गिरे एक साल के लड़के को 24 घंटों की मशक्कत के बाद भी बचाया नहीं जा सका। उसे रविवार को निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने यह जानकारी दी है।
अपने पांच वर्षीय भाई बालेश के साथ खेलते समय शनिवार सुबह राकेश लगभग 60 फीट गहरे गढ्ढे में गिर गया। लगभग 24 घंटों के बाद बचाव दल ने गढ्ढे से 35 फीट की गहराई से उसका शव निकाला।
घटना मेडक जिले में स्थित पुलकल मंडल के बोम्मारेड्डीगुडेम गांव की है।
एक समानांतर गड्ढा खोदकर जब बच्चे को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चे के सिर पर चोट के निशान पाए गए जो इस बात का संकेत है कि बच्चा शायद फंस गया होगा।
अपने भाई के शव को देखने के बाद बालेश को संभालना मुश्किल हो गया था।
प्रशासन ने बचाव अभियान के लिए तीन जेसीबी और दो मिट्टी हटाने वाली मशीनों को लगाया था। एक चिकित्सकीय दल ने बोरवेल में ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए एक ऑक्सीजन पाइप भी डाला था।
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों की सहायता से चलाया गया बचाव अभियान रातभर चला, लेकिन बच्चे को बचाने की कोशिशें विफल हो गईं।
बच्चा और उसका भाई एक खेत में खेल रहे थे तभी वह वहां खुले पड़े बोरवल में गिर गया। राकेश के गिरने के बाद उसके भाई ने पैर पकड़कर उसे खींचने की कोशिश की, लेकिन वह उसे बचाने में नाकाम रहा।
बालेश ने अपने पिता सैलु को इसके बारे में बताया जो कि एक मजदूर है। उसके बाद सैलु ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
परिवार खेत के नजदीक ही रहता है।
dharmpath.com dharmpath