ब्रिक्स ट्रेड फेयर में हिस्सा लेगी उप्र सरकार

केंद्र सरकार के वाणिज्य व उद्योग मंत्रालय द्वारा इंडस्ट्री पार्टनर फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स एंड इंडस्ट्री के सहयोग से आयोजित अंतर्राष्ट्रीय व्यावसायिक मेले में राज्य के उच्च-स्तरीय अधिकारियों की टीम सक्रिय रूप से सम्मिलित होगी। सम्मेलन में भारत के अतिरिक्त ब्राजील, रूस, चीन व दक्षिण अफ्रीका के निवेशक व कंपनियां भी भाग लेंगी।

ब्रिक्स ट्रेड फेयर में जाने वाले उ.प्र. के दल में सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास व अधिशासी निदेशक, उद्योग बंधु अलकनंदा दयाल, उप्र राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडीसी) अमित कुमार घोष, मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), ग्रेटर नोएडा दीपक अग्रवाल, सीईओ नोएडा पी.के. अग्रवाल समेत आईटी व इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के उच्चाधिकारी शामिल होंगे।

सचिव (अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास) अलकनंदा दयाल ने विशेष बातचीत में बताया कि ब्रिक्स ट्रेड फेयर में निवेशकों को जागरूक करने के लिए राज्य में विकसित की जा रही विभिन्न अवस्थापना एवं औद्योगिक परियोजनाओं, जैसे-लखनऊ-आगराव पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, मेट्रो रेल, दिल्ली-मुंबई व अमृतसर-कोलकता इंडस्ट्रियल कॉरीडोर्स (डीएमआईसी व एकेआईसी) के बारे में जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरीडोर (ईडीएफसी) के तहत परियोजनाएं, आईटी सिटी-लखनऊ, कानपुर व इलाहाबाद में ट्रांस-गंगा व सरस्वती हाईटेक सिटीज, कन्नौज परफ्यूम पार्क व म्यूजियम, साइकिल ट्रैक्स, लखनऊ में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम आदि के पैनल व विभिन्न सेक्टरों के पैनल, ब्रोशर, फिल्म, प्रस्तुतिकरण आदि का उपयोग कर योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी के अलावा 12 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘भारतीय राज्यों में निवेश के अवसर’ विषय पर सत्र में प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश की विभिन्न निवेशोन्मुख नीतियों व विकसित की जा रही विश्वस्तरीय अवस्थापना सुविधाओं से प्रस्तुतिकरण के माध्यम से अवगत कराया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493