‘ब्रिटिश परिवार को भय, आईएस आत्मघाती हमलावर बेटा न हो’

लंदन, 23 मार्च (आईएएनएस)। एक ब्रिटिश परिवार ने कहा है कि उनका खोया हुआ बेटा इस्लामिक स्टेट (आईएस) का आत्मघाती हमलावर हो सकता है, जो इराक में किए गए एक हमले का जिम्मेदार है। बीबीसी ने यह जानकारी दी है।

आईएस ने सोमवार को कहा कि इराकी सुरक्षा बलों पर अबू मूसा अल-ब्रिटानी नाम के आतंकवादी ने हमला किया था। इसमें कहा गया कि इस आतंकवादी ने इराकी सेना के एक सैन्य काफिले पर हमला किया था।

आईएस ने दावा किया कि इस हमले में 30 लोग मारे गए, हालांकि इराकी अधिकारियों का कहना है कि इस हमले में केवल आतंकवादी हमलावर मारा गया।

बीबीसी के मुताबिक पश्चिमी योर्कशायर में रहने वाले अवान परिवार ने आईएस द्वारा सोशल मीडिया पर जारी की गई फोटो को देखने के बाद कहा कि यह तस्वीर उनके 27 साल के बेटे मोहम्मद रिजवान अवान की हो सकती है।

बीबीसी के मुताबिक ब्रिटिश परिवार ने इस फोटो को देखते ही पहचान लिया और कहा कि “उनका दिल कहता है कि यह वही है।”

इस नौजवान ने पिछले साल ब्रिटेन छोड़ दिया था और अपने परिवार से कहा था कि वह सऊदी अरब में मक्का जा रहा है। उसके बाद से परिवार के साथ उसका संपर्क खत्म हो गया। उसके परिवार ने बताया कि उसके द्वारा छोड़े गए खतों से यह जाहिर होता था कि उसका ब्रिटेन लौटने का इरादा नहीं था और वह सऊदी अरब में रहने की योजना बना रहा था।

ब्रिटिश सरकार और इराकी अधिकारियों ने अभी तक उसकी राष्ट्रीयता की पुष्टि नहीं की है। बीबीसी का कहना है कि अगर इसकी पहचान की पुष्टि होती है तो यह नौजवान पश्चिमी यार्कशायर का एक और आत्मघाती हमलावर होगा।

पिछले साल इराक के बाइजी में एक तेल रिफाइनरी पर किए गए हमले में भाग लेनेवाला 17 साल का आत्मघाती हमलावर भी पश्चिमी यार्कशायर का ही रहने वाला था। जबकि 2005 में 7 जुलाई को हुए लंदन बम धमाकों जिसमें 52 लोगों की जान गई थी, के भी तार इसी क्षेत्र से जुड़े थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493