ब्रिटेन का ईयू पर जनमत संग्रह 23 जून को

लंदन, 21 फरवरी (आईएएनएस)। ब्रिटेन, यूरोपीय संघ (ईयू) का हिस्सा रहेगा या नहीं, इस पर जनमत संग्रह 23 जून को कराया जाएगा। इसकी घोषणा शनिवार को देश के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने की।

यूरोपीय साझेदारों के साथ शुक्रवार रात ब्रसेल्स में हुए एक समझौते से मंत्रिमंडल को अवगत कराने के बाद कैमरन ने स्पष्ट किया कि ब्रिटिश सरकार का रुख ‘सुधार के साथ सामने आने वाले यूरोप’ में ब्रिटेन को बनाए रखने के पक्ष में होगा।

डाउनिंग स्ट्रीट में मंत्रिमंडल की करीब दो घंटे की बैठक के बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि ईयू से अलग होने पर ब्रिटेन को आर्थिक एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के खतरे का सामना करना पड़ सकता है।

कैमरन ने शुक्रवार रात ब्रसेल्स में हुए समझौते को स्पष्ट करते हुए कहा, “मुझे ब्रसेल्स से प्यार नहीं है, बल्कि मैं ब्रिटेन से प्यार करता हूं। मैं पहला व्यक्ति हूं, जिसने ईयू में सुधार की बात कही है।” उन्होंने यह भी कहा कि ‘ईयू में सुधार का काम शुक्रवार के समझौते से समाप्त नहीं हो गया है।’ यह समझौता ब्रिटेन को यूरोपीय संघ में विशेष दर्जा प्रदान करता है।

कैमरन ने जून में होने वाले जनमत संग्रह के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि ‘ब्रिटेन सुधार के साथ सामने आने वाले यूरोप में सुरक्षित और मजबूत स्थिति में होगा।’ साथ ही उन्होंने चेताया कि यूरोप से अलग करने का कदम देश को अंधेरे की ओर ले जाएगा।

कैमरन घोषित तिथि पर जनमत संग्रह कराने के लिए सोमवार को संसद में प्रस्ताव रखेंगे।

उन्होंने जनता से कहा, “फैसला आप करेंगे और आप जो भी फैसला लेंगे, मैं उसे बेहतर तरीके से लागू करने का प्रयास करूंगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493