नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। कनाडा की स्मार्टफोन निर्माता ब्लैकबेरी ने सोमवार को भारतीय बजार में दो नए एंड्रॉयड स्मार्टफोन के साथ वापसी की है।
ब्लैकबेरी ने अपने दोनों स्मार्टफोन डीटीईके50 और डीटीईके60 के वितरण और प्रचार-प्रसार के लिए दिल्ली की दूरसंचार कंपनी ऑप्टिमस के साथ साझेदारी की भी घोषणा की है।
ब्लैकबेरी डीटीईके50 की कीमत 21,990 रुपये रखी गई है, जबकि ब्लैकबेरी डीटीईके60 की कीमत 46,990 रुपये है।
ब्लैकबेरी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (ग्लोबल डिवाइस सेल्स) एलेक्स थर्बर ने यहां पत्रकारों से कहा, “ब्लैकबेरी के लिए भारत बहुत महत्वपूर्ण बाजार है और हम ऑप्टिमस इंफ्राकॉम लिमिटेड के साथ साझेदारी की घोषणा करते हुए खुशी महसूस कर रहे हैं। यह साझेदारी भारत में हमारे मुख्य साझेदारों के बीच नेटवर्क को मजबूती प्रदान करेगी और अधिक से अधिक ग्राहकों तक हमारे एंड्रॉयड स्मार्टफोन को पहुंचाने में मददगार साबित होगी।”
ब्लैकबेरी डीटीईके50 5.2 इंच स्क्रीन साइज वाला स्मार्टफोन है, जिसमें 3 जीबी का रैम दिया गया है और मेमोरी को 2 टीबी तक बढ़ाया जा सकता है। स्मार्टफोन में एलईडी फ्लैश के साथ 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है तथा बैट्री 2,610 एमएएच की है।
ब्लैकबेरी के दूसरे स्मार्टफोन डीटीईके60 की स्क्रीन साइज 5.5 इंच है, रैम 4 जीबी का रखा गया है और बैट्री 3,000 एमएएच दी गई है। कैमरे की बात करें तो रियर कैमरा 21 मेगापिक्सल का और फ्रंट कैमरा 8 मेगापिक्सल का है। इसमें फिंगरप्रिंट स्कैनर भी दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath