भाजपा के साथ गठबंध पर पीडीपी की बैठक शुरू

जम्मू/श्रीनगर, 17 जनवरी (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन के मुद्दे पर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की बैठक श्रीनगर में हो रही है।

मुख्यमंत्री के गुपकर मार्ग स्थित सरकारी आवास पर चल रही इस बैठक में पार्टी सांसद, पूर्व मंत्री समेत कई वरिष्ठ नेता हिस्सा ले रहे हैं।

अपने पिता और मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के निधन के बाद उनकी बेटी महबूबा मुफ्ती पहली बार बैठक की अध्यक्षता कर रही हैं।

पीडीपी के वरष्ठि नेता नईम अख्तर ने आईएएनएस से कहा, “हम मुफ्ती साहब के कार्यकाल के दौरान बीते 10 महीने में पीडीपी-भाजपा सरकार के प्रदर्शन पर विचार करेंगे। हम राज्य में गठबंधन सरकार के संदर्भ में अपनी पार्टी के भविष्य पर बात करेंगे।”

भाजपा से भविष्य में गठजोड़ के प्रश्न पर उन्होंने कहा, “देखिए और इंतजार कीजिए। बैठक में हर मुद्दे पर बात होगी।”

इस बीच नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने अपने इस बयान से रविवार को पलटी मार ली कि अगर भाजपा चाहे तो उनकी पार्टी उसके साथ गठबंधन के बारे में बात करने के लिए तैयार है।

फारूक ने जम्मू में संवाददाताओं से कहा, “मैंने कभी नहीं कहा कि हम राज्य में भाजपा के साथ सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। मैंने सिर्फ यह कहा था कि पीडीपी और भाजपा को अपने मतभेदों को जल्दी निपटाना चाहिए और जम्मू एवं कश्मीर के लोगों को निर्वाचित सरकार देनी चाहिए।”

उन्होंने कहा, “हम एक सीमावर्ती राज्य हैं। हम कठिन दौर से गुजर रहे हैं। लोग एक निर्वाचित सरकार चाहते हैं। अनिश्चितता खत्म होनी चाहिए।”

यह पूछने पर कि क्या नेशनल कांफ्रेंस सरकार बनाने पर विचार कर रही है, फारूक ने कहा, “भ्रम पैदा करने की कोशिश न करें। फिलहाल हमारे पास राज्य में सरकार बनाने का जनादेश नहीं है।”

फारूक ने शनिवार को जम्मू में राज्यपाल एन.एन.वोहरा से मुलाकात की थी। इसके बाद यह चर्चा शुरू हो गई थी कि वह राज्य में एक अन्य गठबंधन की सरकार बनाने की दिशा में सक्रिय हो गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493