गाजियाबाद, 30 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा की गाजियाबाद शहर इकाई ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा अगले सप्ताह हज हाउस के प्रस्तावित उदघाटन का विरोध किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दावा है कि एक खास समुदाय को खुश करने के लिए नियमों को ताक पर रखकर हज हाउस का निर्माण किया गया है।
जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में भाजपा की शहर इकाई के अध्यक्ष अजय शर्मा ने आरोप लगाया कि सभी भवन उप नियमों का उल्लंघन कर हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में हज हाउस का निर्माण किया गया है।
यह कहा गया कि मुख्य भवन के निकट से भारतीय गैस प्राधिकरण की पाइप लाइन गुजरती है, जो सुरक्षा के लिए खतरा उत्पन्न कर सकती है। इतना ही नहीं इतने बड़े परिसर के निर्माण के लिए निर्माण एजेंसी ने पर्यावरण विभाग और वायुसेना से कोई मंजूरी नहीं ली है।
समाजवादी पार्टी की प्राथमिकताओं की निंदा करते हुए शर्मा ने कहा कि हिंडन पार इलाके में एक कॉलेज की अत्यधिक आवश्यकता है, लेकिन उसने भवन नियमों का उल्लंघन कर एक खास समुदाय को खुश करना मुनासिब समझा और इसलिए भाजपा ने उद्घाटन समारोह का विरोध करने का फैसला किया है।
dharmpath.com dharmpath