भाजपा ने निर्वाचन आयोग से महागठबंधन की शिकायत की

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार में पांच चरणों में हो रहे विधानसभा चुनाव के दौरान जनता दल (युनाइटेड)-राष्ट्रीय जनता दल (राजद)-कांग्रेस के महागठबंधन पर प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को इसकी शिकायत निर्वाचन आयोग से की।

निर्वाचन आयोग को सौंपी गई शिकायत में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, जद (यू) नेता नीतीश कुमार व राजद नेता लालू प्रसाद पर प्रदेश में सांप्रदायिक भावनाओं को भड़काने का आरोप लगाया गया है।

निर्वाचन आयोग को भाजपा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है, “पिछले कुछ दिनों से राजद-जद (यू)-कांग्रेस गठबंधन बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है।”

ज्ञापन पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी, भाजपा महासचिव अरुण सिंह, सुधांशु त्रिवेदी, संबित पात्रा तथा सिद्धार्थ नाथ सिंह के हस्ताक्षर हैं।

ज्ञापन के मुताबिक, एक चुनावी रैली में राहुल ने कहा, “भाजपा हिंदुओं और मुस्लिमों को एक-दूसरे से लड़ाकर वोट लेना चाहती है।”

राजद प्रमुख लालू प्रसाद और जद (यू) नेता व बिहार के मुख्यमंत्री पर भी आरोप लगाया गया है।

ज्ञापन के मुताबिक, “लालू व नीतीश कुमार बिहार में हालात के ध्रुवीकरण के लिए भाजपा नेताओं के खिलाफ भड़काऊ व व्यक्तिगत बयान दे रहे हैं।”

अमित शाह को नरभक्षी कहने को लेकर भाजपा ने लालू प्रसाद को आड़े हाथों लिया है।

भाजपा ने कहा, “लालू प्रसाद द्वारा अमित शाह को नरभक्षी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्रह्मपिशाच कहना बेहद निंदनीय है और इस तरह का बयान आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का उल्लंघन है।”

ज्ञापन के अनुसार, “इस तरह का बयान प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने का प्रयास है।”

भाजपा ने निर्वाचन आयोग से स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने और राजद-जद (यू)-कांग्रेस के इस तरह के बयान के पीछे के षड्यंत्र की निगरानी की अपील की।

ज्ञापन में कहा गया है, “निर्वाचन आयोग को इस तरह के बयानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493