शनिवार को रालोद प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मसूद अहमद ने कहा, “प्रदेश की जनता द्वारा लिए गए फैसले का सम्मान करते हुए हम आशा करते हैं कि नवगठित प्रदेश सरकार जनता की आशाओं के अनुरूप कार्य करेगी।”
मसूद ने कहा कि उम्मीद की जानी चाहिए कि भाजपा अपने संकल्पपत्र के अनुसार प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ बनाएगी, ताकि प्रदेश का किसान, मजदूर एवं युवा वर्ग नई दिशा प्राप्त कर सके।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के जनमानस ने 2007 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को और 2012 में समाजवादी पार्टी (सपा) को स्पष्ट बहुमत दिया था, लेकिन दोनों ही सरकारों ने जनता की अपेक्षाओं पर ध्यान नहीं दिया, जनतीजतन खारिज होती चली गई। अब 2017 में भाजपा को बहुमत देकर अपनी इच्छाओं का पुलिंदा भाजपा के सिर पर रख दिया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “ऐसी स्थिति में देखना है कि सरकार गठन के बाद किसानों, मजदूरों के साथ-साथ युवाओं के संबंध में क्या कदम उठाए जाते हैं। यदि किसानों, मजदूरों, कामगारों एवं युवाओं की अनदेखी की जाती है तो राष्ट्रीय लोकदल शांत नहीं बैठेगा, बल्कि सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होगा, क्योंकि रालोद ने सदैव गांव, गरीब और किसान की आवाज बनकर कार्य किया है।”
dharmpath.com dharmpath