पटना, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को झूठा पार्टी बताया और बिहार चुनाव को पाकिस्तान से जोड़ने वाले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बयान को बिहार के लोगों का अपमान बताया है।
लालू ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, “भाजपा बड़का झूठा पार्टी है रे भाई! गेहूं की तरह अगर इनकी झूठी बातों को पीसकर आटा बनाया जा सकता तो मोदी जी अकेले पूरे देश का पेट भर देते।”
चुनाव प्रचार के लिए निकलने से पूर्व लालू ने इस चुनाव में भाजपा का सफाया होने का दावा किया और अमित शाह द्वारा बिहार चुनाव को पाकिस्तान से जोड़े जाने पर कहा कि यह बिहार के लोगों का अपमान है।
लालू ने पटना में पत्रकारों से कहा, “अमित शाह का महागठबंधन की जीत को पाकिस्तान में खुशी से जोड़कर देखने के पीछे मंशा क्या है? महागठबंधन की जीत पर बिहार ही नहीं पूरे देश में दीवाली मनेगी, इन सभी को पाकिस्तानी कहना बिहार के लोगों का अपमान है।”
लालू ने भाजपा के विज्ञापन को भी नफरत फैलाने वाला बताया और कहा कि “भाजपा चुनाव के दौरान समाचार पत्रों में जो विज्ञापन प्रकाशित करवा रही है, वह भी आपत्तिजनक है। निराशा और हताशा का परिचायक है।”
उल्लेखनीय है कि शाह ने पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि अगर गलती से भी भाजपा बिहार में हारी तो पटाखे पाकिस्तान में फूटेंगे।
dharmpath.com dharmpath