भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन

नई दिल्ली, 29 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय के बाहर कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद के खिलाफ प्रदर्शन किया। आजाद ने प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ की खिल्ली उड़ाई थी।

नरेंद्र मोदी ने रविवार को रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में रक्षा बंधन का जिक्र किया था। उसी संदर्भ में आजाद ने उनकी बात की खिल्ली उड़ाई थी। कांग्रेस नेता ने कहा था कि मन की बात को एक धर्म विशेष के त्योहार की तरफ मोड़ना ‘ध्रुवीकरण’ का प्रयास है।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता आजाद ने कहा था, “देश में 15-20 करोड़ मुस्लिम हैं। इस समय रमजान चल रहा है। क्या प्रधानमंत्री ने कहा कि हम सभी एकसाथ ईद मनाएंगे..? उसके बाद दीपावली आएगी और तब हम दीपावली साथ मनाएंगे या गुरुपर्व साथ मनाएंगे। अच्छा होता अगर देश का प्रधानमंत्री अपनी समग्र संस्कृति के बारे में बात करता।”

उन्होंने आगे कहा था, “मगर अफसोस कि प्रधानमंत्री ने ध्रुवीकरण के उद्देश्य से चुनिंदा बातें ही की। चोर चोरी से जाए, हेराफेरी से न जाए।”

कांग्रेस के मुख्यालय पर भाजपा की एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “यह प्रधानमंत्री का अपमान है, उनके बयान की खिल्ली उड़ाना स्वीकार्य नहीं किया जाएगा।”

पुलिस ने 200 से अधिक भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493